देवल संवाददाता, बूढ़नपुर (आजमगढ़)। शिक्षा क्षेत्र कोयलसा के जूनियर हाईस्कूल द्वारा संचालित 'स्कूल चलो अभियान' के अंतर्गत मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य रैली निकाली। रैली कोयलसा बाजार से शुरू होकर बूढ़नपुर तक पहुंची। पूरे मार्ग में बच्चों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर और शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरक नारे लगाकर लोगों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजने का संदेश दिया।
रैली के दौरान बाजार और सड़क किनारे मौजूद लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, ड्रॉपआउट बच्चों का दोबारा नामांकन कराना तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। शिक्षकों ने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होता है और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
विद्यालय परिवार ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रहितकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सके। रैली पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही और लोगों ने अभियान की सराहना की।
इस अवसर पर दिलीप पाण्डेय, लालसा राम, देवेंद्र सिंह, शैलेश सिंह, प्रवीण मिश्र, रविंद्र वर्मा, श्रीपति वर्मा, पवन मिश्र, जियालाल, सत्यनारायण यादव, सर्वेश सिंह, पंकज सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
