देवल संवाददाता,गंभीरपुर पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते फावड़े से हमला करने के आरोपी सुनील बनवासी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनील बनवासी पुत्र फिरतू निवासी ग्राम सड्डोपट्टी थाना गंभीरपुर को मंगलवार सुबह करीब 11:10 बजे चिवटही मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
यह मामला 6 जुलाई, 2026 को हरिलाल पुत्र पलटू बनवासी निवासी ग्राम सड्डोपट्टी द्वारा गंभीरपुर थाने में दर्ज कराई गई तहरीर से संबंधित है। हरिलाल ने बताया था कि 5 जुलाई की रात करीब 12 बजे गांव के ही सुनील पुत्र फिरतू ने उनके बेटे फूलचंद पर हमला किया था।
तहरीर के अनुसार, पुरानी रंजिश के कारण सुनील ने फूलचंद के सिर पर फावड़े से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई थी। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी।
शिकायत के आधार पर गंभीरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मंगलवार दोपहर करीब 11:10 बजे, गंभीरपुर थाना के उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह ने वांछित अभियुक्त सुनील बनवासी (22 वर्ष) को चिवटही मोड़ हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया।
सुनील की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को गंभीरपुर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
