आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार देर रात थाना केराकत और थाना जलालपुर की संयुक्त पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली। टेकुरीडीह के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, केराकत थाना क्षेत्र के टेकुरीडीह के समीप संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। सूचना मिलते ही थाना जलालपुर की पुलिस ने भी इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को चारों तरफ से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सोनल वर्मा के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी भेजा गया। वहीं उसके चार अन्य साथी राजेश्वर पाण्डेय, अवनीश गुप्ता, बाबी कुमार और रंजीत कुमार को भी मौके से दबोच लिया गया। बाबी कुमार और रंजीत कुमार पंजाब के जालंधर के रहने वाले बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ अवैध तमंचे, एक देसी रिवॉल्वर, तीन जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी सोनल वर्मा पर लूट, गैंगस्टर समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
