कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों, मरीजों, तीमारदारों तथा कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अकादमिक ब्लॉक के सामने पराग मिल्क पार्लर का शुभारंभ किया गया। इस पहल को मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव की छात्र एवं मरीज हितैषी सोच का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कॉलेज परिसर में संचालित इस फ्रेंचाइजी के माध्यम से अब छात्रों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों तथा मरीजों के परिजनों को परिसर में ही पराग के शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद जैसे दूध, छाछ, लस्सी, दही सहित अन्य उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। इससे उन्हें जलपान के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक विकल्प भी मिलेंगे।
प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। पराग मिल्क पार्लर के खुलने से परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य विकल्प उपलब्ध होंगे, जिससे सभी को सुविधा मिलेगी।
पराग मिल्क पार्लर के शुभारंभ पर मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से विद्यार्थियों और अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
