आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद बुधवार को जौनपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शहर के डॉ. भीमराव आंबेडकर तिराहे पर जुटे और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सपा विधायक लकी यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना संविधान प्रदत्त अधिकार है और इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास उचित नहीं है और विपक्ष के साथ दमनात्मक रवैया बंद किया जाना चाहिए।
विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। डॉ. भीमराव आंबेडकर तिराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रदर्शन के अंत में सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक करेगी।
