कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) द्वारा आयोजित 39वीं यूजी पीडियाट्रिक क्विज का आयोजन सोमवार, 21 जुलाई 2026 को महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकरनगर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश यादव की अध्यक्षता में हुआ।
प्रतियोगिता में एमबीबीएस छात्रों की छह टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ज्ञान, त्वरित उत्तर और क्लिनिकल समझ पर आधारित विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में टीम ‘सी’ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर डिविजनल राउंड के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की।
कार्यक्रम के क्विज को-ऑर्डिनेटर प्रोफेसर डॉ. विजय यादव रहे, जबकि क्विज मास्टर सहायक आचार्य डॉ. अबरार अहमद एवं डॉ. अमित गुप्ता ने प्रतियोगिता का सफल संचालन किया। आयोजन में शिशु रोग विभाग के समस्त चिकित्सकों एवं रेजिडेंट डॉक्टरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश यादव ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब विजेता टीम बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में आयोजित होने वाले डिविजनल राउंड में महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेगी। यह उपलब्धि कॉलेज की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा का परिचायक है।
