प्रभारी मंत्री ने दिखाई टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी, घर-घर पहुंचेंगी 21 टीमें
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकर नगर जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए मा. कैबिनेट मंत्री पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग उत्तर प्रदेश सरकार/प्रभारी मंत्री जनपद अंबेडकर नगर ओम प्रकाश राजभर ने माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा जिलाधिकारी ईशा प्रिया के साथ बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर विशेष टीकाकरण अभियान (8वें चरण) का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलने वाला यह अभियान 8 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान जिले के 3,15,548 पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण टीम का सहयोग करें और पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए अपने सभी पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के लिए जिले के सभी नौ विकासखंडों में 18 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 21 टीमें गठित की गई हैं। टीमें घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। प्रत्येक टीम में पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, पशु मित्र और वैक्सीनेटर शामिल रहेंगे। टीकाकरण से पहले संबंधित गांव में ग्राम प्रधान के माध्यम से सूचना भी दी जाएगी।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण के दौरान प्रत्येक पशु के कान में टैग लगाया जाएगा और उसका पूरा विवरण भारत पशुधन ऐप पर अपलोड किया जाएगा। इसके लिए पशुपालकों का मोबाइल नंबर, आधार नंबर और पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी आवश्यक होगा। जिन पशुओं की टैगिंग नहीं होगी, उनके पशुपालक भविष्य में विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि यदि किसी पशु का टीकाकरण छूट जाता है, तो संबंधित विकासखंड के पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर टीका लगवाया जा सकता है।
