आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने जनपद में 1 से 15 जुलाई तक ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान शुरू किया है। इस विशेष अभियान के दौरान जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों की गहन जांच की जाएगी। जिन वाहनों में फिटनेस, परमिट, बीमा या अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं होंगे अथवा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अजीत सिंह ने बताया कि सभी विद्यालय प्रबंधक और प्रधानाचार्य 7 जुलाई तक अपने स्कूलों में संचालित वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और अन्य जरूरी अभिलेखों को अद्यतन करा लें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को स्कूल भेजने से पहले यह सुनिश्चित करें कि जिस वाहन का उपयोग किया जा रहा है, वह सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता हो।
आरटीओ ने बताया कि 7 जुलाई के बाद परिवहन विभाग, पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम जनपदभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाएगी। इस दौरान बिना फिटनेस, बिना परमिट या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ चालान, सीज और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी विद्यालय द्वारा बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी कर बिना मानक वाले वाहनों का संचालन कराया जाता है, तो ऐसे विद्यालयों की रिपोर्ट संबंधित सक्षम अधिकारियों को भेजी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय की मान्यता निरस्त कराने की संस्तुति भी की जा सकती है।
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय संचालकों से समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।
