आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के मढ़ी गांव में बुधवार शाम मौसम का कहर उस समय देखने को मिला, जब तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों का इलाज क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मढ़ी गांव निवासी 21 वर्षीय पवन यादव पुत्र सरमु यादव शाम करीब छह बजे घर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से पवन गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पवन तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाते थे।
घटना के समय पवन के साथ मौजूद मढ़ी-बड़खरा निवासी पन्नालाल यादव भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल क्षेत्र के आयुष्मान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
इसी दौरान लोकापट्टी गांव निवासी 52 वर्षीय शिवलाल राजभर पुत्र घुरहू अपनी भैंस को पकड़ने जा रहे थे। अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह भी झुलस गए। उन्हें भी आयुष्मान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति अब पहले से बेहतर है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने की अपील की है।
