आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शिवापार स्थित लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक खड़े ट्रक में चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार करीब दो बजे हाईवे किनारे एक ट्रक काफी देर से खड़ा था। राहगीरों की नजर जब ट्रक के केबिन पर पड़ी तो चालक स्टेयरिंग पर औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। आशंका होने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लाइन बाजार थाना पुलिस ने ट्रक और चालक की पहचान की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, ट्रक के पंजीकरण विवरण के आधार पर मृतक की पहचान सरदार इकबाल सिंह (50) पुत्र जगदीश सिंह, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को चालक के पास से न तो मोबाइल फोन मिला और न ही नगदी बरामद हुई। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। साथ ही चालक के सामान और मोबाइल के संबंध में भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
.jpeg)