आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने देश और प्रदेश की कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याओं तथा बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, किसान और मजदूर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं तथा बेरोजगारी के कारण युवाओं में निराशा और अवसाद बढ़ रहा है।
रविवार को अपने जन्मदिन तथा पार्टी के नए कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अशोक सिंह ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है, जबकि रोजगार, सुरक्षा और विकास जैसे विषय लगातार उपेक्षित हो रहे हैं।
उन्होंने जौनपुर में हुई दूल्हा आजाद बिंद की हत्या और बिहार में भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर का उल्लेख करते हुए दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच से ही लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रह सकता है।
अशोक सिंह ने प्रदेश की बंद पड़ी चीनी मिलों का मुद्दा भी उठाया और कहा कि लंबे समय से चीनी मिलों के संचालन को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द मिलों को चालू कराने की मांग की।
उन्होंने जौनपुर और मछलीशहर के जनप्रतिनिधियों पर भी क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जनता ने विकास की उम्मीद के साथ अपने प्रतिनिधियों को चुना था, लेकिन अपेक्षित कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
पत्रकार वार्ता के अंत में अशोक सिंह ने कहा कि समाज विकास क्रांति पार्टी समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
