आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद, जौनपुर। नगर पंचायत जफराबाद में सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए वाटर फ्रीजर एवं आरओ प्लांट की स्थापना में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी धन के गबन की शिकायत के बाद जांच शुरू हो गई है। शनिवार को मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) अजय कुमार अम्बष्ट ने जफराबाद पहुंचकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की जांच-पड़ताल की।
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत द्वारा सात सार्वजनिक स्थानों पर वाटर फ्रीजर, आरओ सिस्टम एवं सुरक्षा केबिन शेड लगाने का कार्य कराया गया था। निरीक्षण के दौरान सीआरओ ने संबंधित स्थलों का जायजा लिया। शिकायत के अनुसार कई स्थानों पर कार्य स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप नहीं मिला तथा सुरक्षा केबिन शेड भी नहीं पाए गए।
यह कार्रवाई शेखवाड़ा निवासी शाह दाउद अहमद द्वारा 17 जून को मुख्यमंत्री से की गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हाजी बाबा मैदान, मखदूमपुर मंदिर के पास, शेखवाड़ा, नासही स्थित यूनियन बैंक के पास, सैयदअलीपुर मस्जिद के पास सहित सात स्थानों पर लगभग 33.25 लाख रुपये (प्रति यूनिट 4.75 लाख रुपये) की लागत से वाटर फ्रीजर, आरओ और सुरक्षा केबिन शेड लगाए जाने थे, लेकिन मौके पर घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी (ईओ) और अवर अभियंता (जेई) की मिलीभगत से वास्तविक लागत से कई गुना अधिक राशि के बिल तैयार कर भुगतान किया गया। साथ ही ठेकेदार को रनिंग पेमेंट भी जारी कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने ठेकेदार के अंतिम भुगतान पर रोक लगाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीआरओ द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होने की संभावना है।
