देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। भूजल संरक्षण सप्ताह के तहत सोमवार को म्योरपुर विकास खंड परिसर में लघु सिंचाई विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड और खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा ग्रामीणों ने भूजल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। बढ़ती आबादी, अनियंत्रित भूजल दोहन तथा वर्षा जल के पर्याप्त संरक्षण के अभाव में भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में पेयजल और सिंचाई का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने घर, खेत और गांव में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दे तथा जल श्रोतों के संरक्षण में सहयोग करें, तो भूजल स्तर में सुधार लाया जा सकता है। खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि भूजल संरक्षण सप्ताह के दौरान विकास खंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और जनसंवाद आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को वर्षा जल संचयन, जल का विवेकपूर्ण उपयोग तथा पारंपरिक जल श्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में अवर अभियंता काशी यादव ने उपस्थित लोगों को जल की बर्बादी रोकने, वर्षा जल का अधिकतम संचयन करने तथा तालाब, कुएं और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प दिलाया। मौके पर राम बहादुर सिंह, अंकित सिंह, अखिलेश कुमार, रामवृक्ष विश्वकर्मा, जीवीपीआर के जनसंपर्क अधिकारी आशीष पांडेय, अभियंता सुधीर कुमार, डीपी सिंह, राम भुवन, राम दयाल प्रजापति, रामदास, डॉ. ब्रजेश सिंह, बबन गिरी, प्रदीप जायसवाल आदि मौजूद रहे।
