देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। धान रोपाई के मौसम में खाद की कमी से परेशान किसानों ने बुधवार को म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत आरंगपानी के बरवा टोला स्थित लैम्पस पर सांकेतिक प्रदर्शन कर शीघ्र खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई। युवा समाजसेवी राजू कुमार गुप्त के नेतृत्व में जुटे किसानों ने कहा कि बरसात शुरू होने के साथ धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया है, लेकिन लैम्पस पर खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर खाद नहीं मिलने से उन्हें खुले बाजार से अधिक कीमत पर उर्वरक खरीदना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत बढ़ जाएगी। प्रदर्शनकारी किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की कि लैम्पस पर तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसान समय से धान की रोपाई कर सकें और कृषि कार्य प्रभावित न हो। मौके पर रामजी सोनी, रामऔतार गोड़, रामनरेश धरकार, रामविनय, मोहरलाल, लालसाय, मिश्रीलाल पठारी, रौलसिया देवी, बृहस्पतिया देवी, कौशल्या देवी, सुगवंती देवी, फुलझरिया देवी, सोनम देवी, रमेश कुमार, मानसिंह, गणेश, चमेली देवी, उदेश कुमार सोनी, बृजमल भारती, वार्ड सदस्य शिवशम्मपत गोड़ सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। उधर इस संबंध में लैम्पस सचिव ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे तक 17 किसानों को खाद का वितरण किया गया था। इसके बाद सर्वर फेल हो जाने के कारण वितरण कार्य बाधित हो गया, जिससे अन्य किसानों को खाद नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि सर्वर सामान्य होते ही शेष किसानों को भी खाद वितरित की जाएगी।
