आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पुलिस लाइन स्थित सभागार में मंगलवार को पुलिस विभाग से अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले छह अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उनके वर्षों के समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को अंगवस्त्र, सम्मान-पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने लंबे कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली, अनुभव और सेवा भावना विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे समारोह का माहौल भावुक और सम्मानपूर्ण रहा, जहां सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नई जीवन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
