आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तत्वावधान में "राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका" विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रताप सिंह तथा विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी आईपीएस गोल्डी गुप्ता रहे। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय परिवार द्वारा किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके शिक्षित, संस्कारित और जागरूक युवाओं पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ें तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी आईपीएस गोल्डी गुप्ता ने कहा कि एक सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने की प्रेरणा दी।
गोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. जीवन यादव, डॉ. कमरुद्दीन शेख, आर.पी. सिंह, डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, डॉ. मयंक सिंह, डॉ. संतोष सिंह, प्रवीण यादव, तकरीम फातिमा, अहमद अब्बास खान, आदित्य मिश्रा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
