आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 9 जुलाई। शैक्षिक सत्र 2026-27 में अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद स्तरीय 'स्कूल चलो अभियान' के तहत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। टाउन हॉल मैदान से निकली इस रैली को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली टाउन हॉल मैदान से शुरू होकर कोतवाली चौराहा, चहारसू, शाही किला और अटाला मस्जिद होते हुए पुनः टाउन हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा और शिक्षा के प्रति जागरूकता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। उन्होंने आमजन से अपील की कि हर बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराएं और उसे नियमित रूप से स्कूल भेजें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले और दूसरे चरण में जनपद में लगभग 60 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन किया जा चुका है, जबकि 15 जुलाई तक इस संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
राज्यमंत्री ने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे।
