आमिर, देवल ब्यूरो ,मुंगराबादशाहपुर । जौनपुर अयोध्या धाम से दर्शन कर लौट रहे मुंगराबादशाहपुर के एक परिवार पर बुधवार देर रात दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में वैगनआर कार सवार सगे भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद पिकअप वाहन कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीछे दूसरी कार से आ रहे परिजन कुछ ही दूरी से इस हृदयविदारक मंजर के गवाह बन गए।
मृतकों की पहचान मुंगराबादशाहपुर के नईगंज निवासी 25 वर्षीय आकाश सोनी और उनकी 22 वर्षीय बहन प्रिया सोनी उर्फ रोली के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से गोंडा जिले के मनकापुर के निवासी थे। माता-पिता के निधन के बाद पिछले तीन वर्षों से वे अपनी बड़ी बहन दीपा सोनी और बहनोई मनीष सोनी के साथ मुंगराबादशाहपुर में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पूरा परिवार दो कारों से अयोध्या धाम दर्शन के लिए गया था। दर्शन-पूजन के बाद बुधवार देर रात सभी वापस घर लौट रहे थे। आगे चल रही वैगनआर कार में आकाश सोनी, प्रिया सोनी और चालक मोहित सोनी सवार थे, जबकि पीछे दूसरी कार में मनीष सोनी, उनकी पत्नी दीपा सोनी और उनके बच्चे शौर्य, शिवाय व श्याम यात्रा कर रहे थे।
रात करीब एक बजे प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र स्थित सरकारी अस्पताल के समीप वैगनआर कार की सामने से आ रही पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सीधे वैगनआर के ऊपर जा गिरा। हादसे में कार बुरी तरह दब गई और उसमें सवार आकाश व प्रिया की मौके पर ही मौत हो गई। चालक मोहित सोनी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसा होते ही पीछे चल रही दूसरी कार में सवार परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर रानीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना जैसे ही मुंगराबादशाहपुर पहुंची, मृतकों के घर पर शोक व्यक्त करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रानीगंज थाना प्रभारी अश्विनी दूबे ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
