देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सामान्य वर्ग,अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग,अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रवृत्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के पूर्वदशम एवं दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों,प्राचार्यों एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी शिक्षण संस्थान शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें,ताकि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।बैठक में अवगत कराया गया कि कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षण संस्थाएं अपने संस्थान की प्रोफाइल 05 अगस्त 2026 तक तथा उच्च शिक्षण संस्थान 15 अगस्त 2026 तक लॉक करना सुनिश्चित करें। इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 9 से 12 तक के नवीनीकरण (Renewal) विद्यार्थियों द्वारा 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक तथा फ्रेश (Fresh) विद्यार्थियों द्वारा 11 अगस्त से 21 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे।इसी प्रकार उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत नवीनीकरण छात्र-छात्राएं 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक तथा फ्रेश छात्र-छात्राएं 15 सितम्बर से 31 अक्टूबर 2026 तक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से कहा कि आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अन्य प्रक्रियाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराई जाएं तथा विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाए।बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक,जिला समाज कल्याण अधिकारी,जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी,जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा पूर्वदशम एवं दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, प्राचार्य एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
