देवल संवाददाता, बूढ़नपुर (आजमगढ़)। शिक्षाक्षेत्र कोयलसा स्थित बीआरसी परिसर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री स्वर्गीय वेदपाल सिंह की स्मृति में शुक्रवार को शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षकों ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके शिक्षा एवं शिक्षक हित में किए गए योगदान को याद किया।
सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि स्वर्गीय वेदपाल सिंह का संपूर्ण जीवन शिक्षा और शिक्षक समाज के हितों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने संगठन को मजबूती देने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा संघर्ष किया। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक उदयराज यादव ने शिक्षकों से स्व. सिंह के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। वहीं डॉ. राजेश सिंह ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए शिक्षा जगत में उनके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिए गए योगदान को प्रेरणादायी बताया।
शोकसभा को राजेश कुमार (मंत्री), राजेश विश्वकर्मा (कोषाध्यक्ष), पूर्व शिक्षक राजेंद्र प्रजापति एवं दिलीप पाण्डेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन ओंकार सिंह ने किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में मनोज दुबे, पवन सिंह, नागेंद्र दुबे प्रभात सिंह, एकादशी यादव, रामकेश सिंह, प्रदीप सिंह, अजय पाण्डेय, राधेश्याम वर्मा, महेश सिंह, देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
