कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।विकासखंड भियांव अंतर्गत ग्राम सभा मढ़वरपुर (चक अज भुजगी) में सरकारी तालाब, बंजर भूमि और चकमार्ग पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीण नाराज हैं। उनका आरोप है कि गाटा संख्या 78 के तालाब, गाटा संख्या 29 व 33 की बंजर भूमि तथा चकमार्ग संख्या 37 पर निर्माण कर कब्जा कर लिया गया है। करीब 32 बिस्वा के तालाब में अब मात्र 10 बिस्वा भूमि शेष रह गई है, जबकि चकमार्ग बंद होने से किसानों और क्षेत्रवासियों को खेतों तक पहुंचने के लिए डेढ़ से दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले डेढ़-दो वर्षों से यह मामला तहसील और जिला प्रशासन के संज्ञान में है तथा राजस्व विभाग की टीम द्वारा तीन बार जांच भी की जा चुकी है, फिर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि यदि जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार शीघ्र कार्रवाई कर भूमि व चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।वहीं जिला एवं तहसील प्रशासन का पक्ष है कि ग्रामीणों की शिकायतें संज्ञान में हैं। राजस्व टीम द्वारा पहले भी स्थलीय जांच की जा चुकी है और वर्तमान में भी मामले की जांच प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी सरकारी भूमि, तालाब या चकमार्ग पर अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना उचित जांच और प्रक्रिया के कोई कदम नहीं उठाया जा सकता। प्रशासन का यह भी कहना है कि सार्वजनिक रास्तों और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्यवाही तय होगी।
सरकारी तालाब, बंजर भूमि व चकमार्ग पर कथित अतिक्रमण का मामला, प्रशासन जांच का दावा
जुलाई 31, 2026
0
Tags
