09 जोनल, 78 सेक्टर एवं 09 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात, 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।विगत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्रावण मास का पावन पर्व दिनांक 30 जुलाई, 2026 से 28 अगस्त, 2026 (रक्षाबंधन) तक परम्परागत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवधि में शिवभक्त एवं कांवड़िये विभिन्न पवित्र स्थलों से गंगाजल एवं अन्य पवित्र जल लाकर जनपद के शिवालयों एवं मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार तथा अन्य प्रमुख पर्वों के अवसर पर जनपद के शिवालयों एवं मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शांति, कानून-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इसी क्रम में सम्पूर्ण जनपद को 09 जोन में विभाजित करते हुए 09 जोनल मजिस्ट्रेट, 78 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 09 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर कानून-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 24×7 कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी 08-08 घंटे की तीन पालियों में लगाई गई है।
जनसामान्य एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कंट्रोल रूम का सम्पर्क नंबर – 7376113790 तथा नोडल अधिकारी (कंट्रोल रूम) का सम्पर्क नंबर – 9161432808 निर्धारित किया गया है। किसी भी प्रकार की सूचना, समस्या अथवा आपात स्थिति में इन नंबरों पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है। जिसका जिला प्रशासन द्वारा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन से श्रावण मास के दौरान प्रशासन का सहयोग करने, यातायात एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम अथवा निकटतम पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी को देने की अपील की है।
