देवल संवाददाता, जौनपुर। जनपद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यापार मंडल के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह 'इंदु' ने पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हत्या, लूट, छिनैती, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर अपराधों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है।
इंद्रभान सिंह ने कहा कि जनपद में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उनका कहना है कि पुलिस समय-समय पर अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चलाती है, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षा का भरोसा मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया।
व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष ने प्रदेश सरकार से भी जौनपुर की कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, पीड़ितों को त्वरित न्याय और पुलिस तंत्र की जवाबदेही तय किए जाने से ही आम जनता का विश्वास मजबूत होगा।
इस संबंध में जानकारी व्यापार मंडल के जिला महामंत्री आरिफ हबीब ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
