आमिर, देवल ब्यूरो ,सिरकार ।जौनपुर सिकरारा थाना क्षेत्र के बथुआवर गांव के पास बुधवार शाम करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सड़क पर फैली मिट्टी के कारण अनियंत्रित हो गई। चालक का वाहन से नियंत्रण हटते ही कार पहले सड़क किनारे चढ़ी और फिर पलटकर नीचे जा गिरी। हादसे में 30 वर्षीय संगीता पत्नी दिलजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक दिलजीत को मामूली चोटें आई हैं। इसके अलावा रेखा (33 वर्ष), ललित (36 वर्ष), जयराज (4 वर्ष) और लाडो (2 वर्ष) को भी हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि सभी लोग मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के निवासी हैं। परिवार के एक रिश्तेदार का पैर टूट जाने की सूचना मिलने पर वे सिकरारा थाना क्षेत्र के डीहजीरी गांव उन्हें देखने गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय बथुआवर के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों की सहायता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
महिला की असमय मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
