आमिर, देवल ब्यूरो ,डोभी। जौनपुर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) गंगाराम गौतम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने डोभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने स्थित आर्यन हॉस्पिटल पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम के अचानक पहुंचे निरीक्षण से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।
जांच के लिए पहुंचे डिप्टी सीएमओ डॉ. अरुण कुमार भारती ने अस्पताल के अभिलेखों और संचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आर्यन हॉस्पिटल आवश्यक मान्यता के बिना संचालित होता पाया गया। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज एवं अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल द्वारा संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने या अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि जनपद में बिना मान्यता संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
.jpeg)