देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार तड़के करीब दो बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से रेलवे फाटक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कोई ट्रेन क्रॉसिंग से नहीं गुजर रही थी, जिससे एक संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर रेलवे क्रॉसिंग के बंद फाटक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फाटक टूटकर सड़क किनारे जा गिरा। गनीमत रही कि उस समय फाटक के पास कोई राहगीर मौजूद नहीं था और न ही कोई ट्रेन गुजर रही थी, अन्यथा गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। घटना के बाद कुछ समय तक रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त फाटक का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद फाटक की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया, ताकि रेल और सड़क यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भारी और ओवरलोड वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा रेलवे क्रॉसिंग के आसपास निगरानी बढ़ाने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
.jpg)