देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। एनटीपीसी शक्तिनगर आवासीय परिसर स्थित संत जोसेफ स्कूल में सीबीएसई प्रयागराज के दिशानिर्देशों के तहत परामर्शदाता के रूप में शिक्षक की भूमिका विषय पर एक दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सामाजिक एवं भावनात्मक समस्याओं को समझने और उनका प्रभावी मार्गदर्शन करने के लिए प्रशिक्षित करना था।
कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में संत जोसेफ कॉलेज प्रयागराज (बालिका शाखा) की पूर्व प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा रंजन ने विभिन्न सत्रों एवं गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रभावी परामर्श तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और परामर्शदाता भी होते हैं। उन्होंने प्रभावी संवाद, सहानुभूति, सकारात्मक सोच और गोपनीयता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान समूह चर्चा, गतिविधियों और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान सीखने का अवसर प्राप्त किया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ. विंसेंट परेरा ने रिसोर्स पर्सन को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत भाषण शिक्षक बीजू वर्गीस ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मृत्युंजय कुमार ने किया। अंत में सभी प्रतिभागी शिक्षकों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
.jpg)