देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.63 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी क्षेत्र में नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी पुड़ियों में हेरोइन बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके पूरे सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने एनसीएल खड़िया गेट नंबर-2 के पास घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार (21) पुत्र प्रेमलाल विश्वकर्मा निवासी अम्बेडकर नगर, थाना शक्तिनगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.63 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आर्थिक लाभके लिए हेरोइन खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाता था और क्षेत्र के नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था। बरामद हेरोइन भी बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही दबोच लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक हेरोइन कहां से पहुंचती थी, उसका सप्लायर कौन है और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। मौके पर प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार भारती तथा कांस्टेबल अमृतलाल मौजूद रहे।
.jpg)