आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को विकासखंड रामनगर की ग्राम पंचायत सेऊर स्थित अमृत सरोवर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
मनरेगा तथा केंद्र एवं राज्य वित्त आयोग की योजनाओं के तहत विकसित अमृत सरोवर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रत्येक पौधे को जीवित रखने का संकल्प लेने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि अमृत सरोवर जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संवर्धन, जैव विविधता और ग्रामीण विकास के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किए जा रहे हैं। इन परिसरों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर हरित वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। प्रशासन ने लोगों से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि जौनपुर को हरित एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक जनपद बनाया जा सके।
