आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सरपतहा थाना क्षेत्र के जहरूद्दीनपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब मुर्गा लादकर शाहगंज जा रही तेज रफ्तार पिकअप आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा भिड़ी।
पुलिस के मुताबिक पिकअप (यूपी 62 सीटी 0340) सूरापुर से मुर्गा लादकर शाहगंज की ओर जा रही थी। सुबह करीब 4:30 बजे जहरूद्दीनपुर गांव के समीप अचानक आगे चल रहे ट्रक (यूपी 78 सीटी 0109) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार लोग उसमें फंस गए।
हादसे में पिकअप पर सवार अनस (20) पुत्र नियाज अहमद, निवासी सकटपुर, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक सोनू पुत्र याकूब निवासी सेठुआपारा, शाहगंज तथा दीपक गुप्ता पुत्र जोखू निवासी सहावै गांव, शाहगंज गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सरपतहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चालक सोनू की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय पुरुष चिकित्सालय शाहगंज से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को भोर के समय झपकी आने की आशंका सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन सावधानी से चलाने, गति पर नियंत्रण रखने और पर्याप्त विश्राम के महत्व को रेखांकित किया है।
