अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने फिर एक बार ईरान पर हमला करने की बात कही है। अंकारा में NATO समिट में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम शायद आज रात उन पर फिर हमला करेंगे।'
ट्रंप ने यह बात अंतरिम समझौते को खत्म घोषित करते हुए और ईरानियों को नीच और सनकी कहने के कुछ ही घंटों बाद कही।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान के IRGC ने बहरीन और कुवैत में 85 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने का दावा किया है, और अमेरिका ने ईरान के 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर हमला किया है।
क्या आज रात ईरान पर होगा हमला?
अंकारा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, 'ईरानी जो कर रहे हैं, उससे मैं खुश नहीं हूं। वे बहुत बुरा बर्ताव कर रहे हैं।'
ट्रंप ने आगे कहा, 'US तेहरान में सरकार बदलना नहीं चाहता, लेकिन ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के अपने रुख पर कायम है।' ट्रंप ने कहा कि अमेरिका शायद आज रात ईरान पर फिर हमला करेगा।
ईरान ने वापस किया भारत का तेल टैंकर
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान के कॉरिडोर से एक भारतीय ऑयल टैंकर को वापस भेज दिया गया है।
24 जून को ओमान और संयुक्त राष्ट्र के इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन ने ओमान के तट के पास जलडमरूमध्य में एक अस्थायी कॉरिडोर की घोषणा की थी। खाड़ी में फंसे जहाजों को निकालने के लिए बनाए गए इस कॉरिडोर की निगरानी अमेरिका कर रहा था।
UAE ने ईरान के हमले की निंदा की
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में सऊदी तेल टैंकर 'वाडियान' पर ईरान के हमले की निंदा की।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस हमले से अंतरराष्ट्रीय नौवहन (नेविगेशन) को खतरा पैदा हुआ है और उसने सऊदी अरब तथा नौवहन की स्वतंत्रता के लिए UAE के समर्थन को दोहराया।
मंत्रालय ने कहा कि जलडमरूमध्य में कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है और इससे क्षेत्रीय स्थिरता, वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को खतरा है।
