भारतीय क्रिकेट टीम का UK दौरा अब तक निराशाजनक रहा है। आयरलैंड में सीरीज गंवाने के बाद भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ भी अब तक कोई मैच नहीं जीता है। हालांकि, ICC की ताजा T20I रैंकिंग में इसका असर नहीं पड़ा है। ईशान किशन और अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-2 स्थानों पर बने हुए हैं।
2-0 से पीछे भारतीय टीम
भारत का व्हाइट-बॉल कैंपेन बहुत खराब रहा है। आयरलैंड से 2-0 से सीरीज हारने के बाद श्रेयस अय्यर की टीम इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की T20I सीरीज में भी 0-2 से पिछड़ गई है। सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद हो गया था।
मंगलवार को खेले गए तीसरे टी20 में इंग्लैंड ने भारत को 125 रन से रौंदा। यह टी20 फॉर्मेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार भी साबित हुई। फिर भी भारत के प्रमुख T20I बल्लेबाज ग्लोबल रैंकिंग में अपना दबदबा बनाए हुए हैं।
ईशान किशन टॉप पर
ताजा ICC रैंकिंग से पुष्टि हुई है कि ईशान किशन दुनिया के नंबर 1 T20I बल्लेबाज बने हुए हैं, जबकि उनके साथी अभिषेक शर्मा नंबर 2 पर बरकरार हैं। भारत के लिए एक और अच्छी बात नए T20I कप्तान श्रेयस अय्यर के रूप में सामने आई।
श्रेयस ने इस हफ्ते सबसे बड़ी छलांग लगाई। इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित पहले मैच में 68 रन और दूसरे T20I में 37 रन बनाने के बाद अय्यर बल्लेबाजी रैंकिंग में 425 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 93वें नंबर पर पहुंच गए।
इंग्लैंड को मिला इनाम
इंग्लैंड को उनके शानदार प्रदर्शन का अच्छा इनाम मिला। दूसरे T20I में 46 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाकर इंग्लैंड को जीत दिलाने के बाद जैकब बेथेल सात पायदान ऊपर चढ़कर 8वें नंबर पर पहुंच गए। सैम करन के लिए भी यह सप्ताह अच्छा रहा। नाबाद 41 रन बनाने के बाद वे बल्लेबाजों की रैंकिंग में 12 पायदान ऊपर चढ़कर 108वें नंबर पर आ गए।
3/33 के आंकड़े के साथ गेंदबाजी रैंकिंग में करन 12 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 71वें स्थान पर पहुंच गए। उनके इस ऑल-राउंड प्रदर्शन ने उन्हें T20I ऑल-राउंडर्स की लिस्ट में भी छह पायदान ऊपर उठाकर संयुक्त रूप से 13वें स्थान पर पहुंचा दिया।
टंग ने चटकाए 4 विकेट
अनुभवी लेग-स्पिनर आदिल राशिद इंग्लैंड की रिकॉर्ड जीत में 14 रन देकर 2 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के दम पर T20I बॉलिंग रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। तेज गेंदबाज जोश टंग ने अपने दूसरे ही T20I मैच में चार विकेट लेकर रैंकिंग में संयुक्त रूप से 301वां स्थान हासिल किया, जबकि विल जैक्स छह स्थान ऊपर चढ़कर T20I ऑल-राउंडर्स की टॉप 10 सूची में सातवें नंबर पर पहुंच गए।
