देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने फर्जी ई-एमएम 11 परमिट तैयार कर गिट्टी का अवैध परिवहन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे में एक लैपटॉप, प्रिंटर, 748 सिक्योरिटी पेपर समेत फर्जी परमिट बरामद किया गया है। इस मामले में तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं।
चुर्क पुलिस लाइन में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आरोपियों को मीडिया से रूबरू कराया। एसपी ने बताया कि अश्वनी कुमार पटेल, हिमांशु पांडेय, मोहन उर्फ अजय कुमार के साथ ही एके इंटरप्राइजेज बिल्ली-मारकुंडी के संचालक सुरेश कुमार पाठक एवं उनके कर्मी एक साथ मिलकर पुराने ई-एमएम 11 परमिट पर अंकित वाहन संख्या, दिनांक एवं समय को बदल कर फर्जी परमिट तैयार करते थे। वाहन चेकिंग के दौरान
गिरफ्तार चालक दिलीप प्रजापति ने इस गोरखधंधे की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने गिरफ्तार चालक की निशानदेही पर एके इंटरप्राइजेज बिल्ली-मारकुंडी स्थित कार्यालय पर दबिश दी तो मौके से फर्जी परमिट तैयार करने में प्रयुक्त लैपटाप, प्रिंटर, सिक्योरिटी पेपर समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। इस पर पुलिस ने कार्यालय में मौजूद मिले पर फर्जी परमिट तैयार करने में संलिप्त अमरनाथ त्रिपाठी उर्फ राजू त्रिपाठी, रितेश कुमार जायसवाल, मोहन उर्फ अजय कुमार जायसवाल को धर दबोचा। एसपी ने बताया कि कार्यालय से गिरफ्तार पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
.jpeg)