देवल, ब्यूरो चीफ,ओबरा, सोनभद्र। गरीब सब्जी विक्रेताओं की आजीविका को ध्यान में रखते हुए ओबरा परियोजना प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन ने नियमों एवं निर्धारित शर्तों के अधीन सब्जी विक्रेताओं को अस्थायी बाजार लगाने की अनुमति प्रदान कर सैकड़ों परिवारों को बड़ी राहत दी है।
जानकारी के अनुसार, सेवा संकल्प टीम के राकेश केशरी एवं उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष गौरव जैन ने गरीब सब्जी विक्रेताओं की रोजी-रोटी से जुड़े मुद्दे को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए
परियोजना प्रशासन ने यातायात, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए निर्धारित स्थान पर अस्थायी बाजार संचालित करने की अनुमति दे दी। बाजार स्थल को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने के लिए नगर पंचायत से सहयोग मांगा गया। इस पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देश पर सफाई कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई कर बाजार स्थल को व्यवस्थित किया, जिससे विक्रेताओं और ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन के इस फैसले से सब्जी बिक्री पर निर्भर सैकड़ों गरीब परिवारों को राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने इसे जनहित में लिया गया संवेदनशील निर्णय बताते हुए कहा कि इससे गरीबों की आजीविका भी सुरक्षित रहेगी और शहर की यातायात एवं व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी। क्षेत्रवासियों ने ओबरा परियोजना प्रशासन, नगर पंचायत तथा जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित और सुशासन की दिशा में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।
.jpg)