देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर की ग्राम पंचायत खैराही में हर घर नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई सड़क की खुदाई से नई सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने गड्डों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने कार्य पूरा होने के साथ ही सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, हर घर नल-जल योजना के अंतर्गत प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके लिए सड़क को कई स्थानों पर खोदा गया है, जिससे सड़क की सतह उखड़ गई है और जगह-जगह छोटे-छोटे गड्ढे बन गए हैं। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीण एवं युवा समाजसेवी प्रशांत दुबे (बाबा) ने बताया कि करीब 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस सड़क का निर्माण कराया गया था। यदि विकास कार्यों के नाम पर बिना समुचित मरम्मत के इसी तरह सड़क खोदी जाती रही तो कुछ ही दिनों में पूरी सड़क खराब हो जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य के बाद सड़क को पूर्ववत गुणवत्ता के साथ बहाल कराने की मांग की। ग्रामीण अमेरिका, बुधई, अशोक, जब्बार, शिवप्रसाद, रामइकबाल, फिरोज, सियाराम, आजाद, विनोद, कुसुमलता, छोटेलाल और विजय सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उधर इस संबंध में जीवीपीआर कंपनी के अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि हर घर नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए
सड़क की खुदाई की गई है। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद सभी गड्डों को भरकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।
.jpg)