देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर-लिलासी मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप बने छठ घाट की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। घाट पर चारों ओर गंदगी का अंबार लगा है। वहीं, तालाब में जलकुंभी और कूड़ा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों ने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, छठ घाट के आसपास कूड़े के ढेर, प्लास्टिक कचरा और शराब की खाली बोतलें बिखरी पड़ी हैं। वहीं तालाब के पानी में जलकुंभी फैल जाने से घाट की सुंदरता पूरी तरह प्रभावित हो गई है। गंदगी के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु और व्रती इसी घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसके बावजूद घाट की नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है और टूटी हुई सीढ़ियों की भी मरम्मत नहीं हुई है। म्योरपुर ग्राम पंचायत कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख बाजार केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए आते हैं। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। ग्रामीण विकास, विनोद, दीना, श्यामजी, संतोष, अशोक, मोनू, अखिलेश, प्रवीण, शंकर, अमित सहित स्थानीय दुकानदारों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि छठ घाट की तत्काल सफाई कराई जाए, तालाब से जलकुंभी हटाई जाए, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी राघवेन्द्र सिंह का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
.jpg)