आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव सरपत की झाड़ियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची के शव पर चोट के निशान होने के बाद परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव झाड़ियों में फेंके जाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, गांव की एक महिला अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ रिश्तेदारी में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। इसी दौरान बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी देर तक अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सघन तलाश अभियान चलाया।
सोमवार सुबह कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर सरपत की झाड़ियों में बच्ची का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
