आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के सिझवारा गांव में सोमवार सुबह बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे कुछ दबंगों ने दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बुधीराम (40) और सुधिराम (35) के रूप में हुई है। परिजनों ने दोनों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) केराकत पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
घायल बुधीराम की पत्नी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पति पर तमंचे से तीन गोलियां चलाईं, जिनमें एक गोली हाथ में लगी। उनका कहना है कि गोली मारने के बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों की लाठी-डंडों से भी पिटाई की। उन्होंने बताया कि हमलावर पड़ोसी गांव परमानंदपुर के रहने वाले हैं।
परिजनों का आरोप है कि केराकत पुलिस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में गांव के किसी व्यक्ति ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, परिजनों द्वारा गोली मारने का आरोप लगाया गया है, जिसकी सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
