आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) एवं प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की तत्काल जांच कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए ने जारी निर्देशों में कहा है कि प्रत्येक विद्यालय में लगाए गए फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) की कार्यशीलता की जांच की जाए। जिन अग्निशमन यंत्रों की वैधता समाप्त हो चुकी है, उन्हें तत्काल रिफिल कराया जाए अथवा आवश्यकता होने पर नए अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनका प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। आग लगने जैसी अप्रत्याशित घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरणों का समय-समय पर निरीक्षण और रखरखाव बेहद आवश्यक है। इससे दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी और विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का निरीक्षण कर अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा करें तथा निर्धारित समय के भीतर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि विद्यालयों में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
.jpeg)