आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सिंगरामऊ कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। मायके में पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने आई 38 वर्षीय महिला की मारपीट के दौरान सिर में गंभीर चोट लग गई थी। इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सिंगरामऊ निवासी मुन्नीलाल की पुत्री गुंजन की शादी वर्ष 2011 में बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव निवासी कमलेश कुमार से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। वर्तमान में परिवार सूरत में रहता है। परिवार में 30 जून को शादी का कार्यक्रम होने के कारण गुंजन अपने मायके सिंगरामऊ आई थीं और विवाह की तैयारियों में शामिल थीं।
बताया जा रहा है कि देर रात डीजे बंद कराने को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान छत से फेंका गया एक पत्थर गुंजन के सिर में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी और तहसीलदार बदलापुर योगेंद्र कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली तथा पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे कस्बे में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)