देवल संवाददाता, मऊ। प्रभारी जिलाधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आगामी 1 जुलाई से प्रारंभ होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 11 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान तथा वेक्टर जनित रोगों पर वर्ष पर्यन्त प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जनपद स्तरीय अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई।बैठक के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. यादव ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के सफल संचालन हेतु माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में निर्देशित कर दिया गया है, ताकि अभियान का प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।प्रभारी जिलाधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ संचालित करें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक विभाग अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करे,जिससे जनपद में संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों की प्रभावी रोकथाम की जा सके।
उन्होंने अभियान के दौरान व्यापक जनजागरूकता,स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम,मच्छरों के प्रजनन स्थलों के उन्मूलन तथा प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप अभियान को सफल बनाएं। इसके अलावा सभी अधिकारियों को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शपथ दिलाई गई।बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पंकज राय,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर एन सिंह,प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सी पी आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार जिला,पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र,जिला कृषि अधिकारी सोमप्रकाश गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
