देवल संवाददाता, मऊ। जनपद मऊ के विकास भवन स्थित कार्यालय,अर्थ एवं संख्याधिकारी में आज 20वां सांख्यिकी दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सांख्यिकी एवं आर्थिक नियोजन के क्षेत्र में अग्रणी वैज्ञानिक प्रोफेसर प्रशांत चंद्र महालनोबिस की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि सांख्यिकी दिवस वर्ष 2007 से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय महत्व की एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम "Unlocking the Potential of Administrative Data (प्रशासनिक डेटा की क्षमता को अनलॉक करना)" निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक डेटा का प्रभावी उपयोग कर सटीक नीतियों का निर्माण,जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा निर्णय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दिशा में भारत सरकार द्वारा विकसित नेशनल डेटा एंड एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म (NDAP) एक महत्वपूर्ण पहल है,जिसके माध्यम से 52 से अधिक मंत्रालयों तथा 31 क्षेत्रों के आंकड़े एक ही मंच पर उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम में प्रोफेसर प्रशांत चंद्र महालनोबिस के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि उन्होंने भारतीय सांख्यिकीय संस्थान की स्थापना की तथा वर्ष 1955 से 1967 तक योजना आयोग के सदस्य के रूप में कार्य करते हुए द्वितीय पंचवर्षीय योजना के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान से देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिली।कार्यक्रम में सांख्यिकी के महत्व, साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण तथा प्रशासनिक डेटा के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही युवाओं से सांख्यिकी के महत्व को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
