देवल संवाददाता, मऊ। जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि कृषि विभाग, जनपद मऊ द्वारा किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दर्शन-1 पोर्टल पर निःशुल्क तिलहन,दलहन एवं श्री अन्न (मोटा अनाज) मिनीकिट बीजों की ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि किसान अपनी आवश्यकता के अनुरूप दर्शन-1 पोर्टल अथवा दर्शन-1 मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जन सेवा केंद्र (CSC) तथा कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की सहायता से भी आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के उपरांत किसान अपने निकटतम राजकीय कृषि बीज भंडार से निःशुल्क मिनीकिट बीज प्राप्त कर सकेंगे। उन्होने बताया कि इस योजना के अंतर्गत तिलहन वर्ग में सरसों,तिल,मूंगफली एवं अलसी,दलहन वर्ग में मूंग,उड़द, अरहर एवं चना तथा अन्न (मोटा अनाज) वर्ग में ज्वार,बाजरा,कोदो एवं रागी के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि जनपद के किसानों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग,जनपद मऊ के दूरभाष नंबर 05472-241300 एवं 05472-241301 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने किसानों का आह्वान किया है कि वे इस योजना का लाभ लेकर उन्नत खेती अपनाएं तथा अपनी आय में वृद्धि करें।
दर्शन-1 पोर्टल पर निःशुल्क मिनीकिट बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू,किसान उठाएं लाभ - जिला कृषि अधिकारी
जून 29, 2026
0
Tags
