आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तेजीबाजार थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को रसिकापुर चौराहे के पास से दबोचकर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में तेजीबाजार थाना पुलिस को आरोपी की तलाश में लगाया गया था।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ओंकारनाथ सिंह तथा पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रसिकापुर चौराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदन लोना (40) पुत्र राम वरन लोना निवासी ग्राम घरवासपुर, थाना तेजीबाजार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना तेजीबाजार में दर्ज मुकदमा संख्या 112/2026 में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप है। इस मामले में उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ओंकारनाथ सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश सिंह तथा कांस्टेबल पंकज यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
