आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार देर शाम बीआरपी कॉलेज मैदान में चल रही प्रदर्शनी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों और मनोरंजन साधनों की स्थिति की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों, झूलों और अन्य आकर्षणों का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदर्शनी में आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी बड़े झूलों एवं मनोरंजन उपकरणों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से तकनीकी परीक्षण कराकर झूलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उन्होंने प्रदर्शनी स्थल पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि सभी कैमरे चौबीसों घंटे सक्रिय अवस्था में रहें। इसके साथ ही सुरक्षा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनी में कार्यरत सभी वालंटियर्स, कर्मचारियों एवं अन्य सहयोगियों के पहचान पत्र अनिवार्य रूप से जारी किए जाएं। इससे सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने में सहायता मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्युत पोल, केबल और वायरिंग की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा खुले तारों को सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित करने को कहा। साथ ही अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आयोजकों से कहा कि प्रदर्शनी में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारियां रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रदर्शनी प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
.jpeg)