आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर, जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को सफल बनाने के उद्देश्य से मछलीशहर मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी अभियानों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी राजेश सिंह ने कहा कि भाजपा का मूल आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने तथा आम जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।
जिला मंत्री मनोज जायसवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रत्येक बूथ पर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंडल अध्यक्ष हरिओम गुप्ता ने कहा कि आगामी कार्यक्रम भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क को नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी मेहनत से ही पार्टी को निरंतर सफलता मिलती है।
बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ समितियों को सक्रिय करने तथा विभिन्न जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री सुनील मौर्य, जयानंद चौबे, प्रभाशंकर सिंह, राजन सिंह, अभिषेक सिंह, अमर बहादुर पटेल, प्रीति चौरसिया, रितु समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
