आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत जौनपुर पुलिस ने रविवार को जिलेभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में वांछित, वारंटी, गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों और सोशल मीडिया के जरिए अराजक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। सुजानगंज थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर वारंटी साहेबलाल निवासी अरुवा को गिरफ्तार किया।
केराकत थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त आनंद निषाद उर्फ झोटू निवासी सरोज बड़ेवर को दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी की तलाश पुलिस काफी समय से कर रही थी।
रामपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमला और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मुकदमे में वांछित वीरन सिंह उर्फ वीरू निवासी कटौना को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
खुटहन थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर रंगबाजी, दबंगई और हिंसक वीडियो प्रसारित कर युवाओं में भय का माहौल बनाने के आरोप में गुलशन कुमार निवासी दरना को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से आपराधिक छवि बनाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
शाहगंज थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में वांछित चल रहे वारंटी नौशाद अहमद निवासी नटौली को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
चंदवक थाना पुलिस ने 'कर्रा गैंग' नामक समूह से जुड़े दो युवकों विशाल कुमार और सुधांशु को शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
वहीं मीरगंज थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों रामउजागिर चौहान, सूर्य प्रताप सिंह, ज्ञान सिंह और सचेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इन आरोपियों के खिलाफ संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
उधर नगर कोतवाली पुलिस ने एक मुकदमे में वांछित चल रहे अशरफ पुत्र अख्तर निवासी नूरखां कुआं को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
