आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा के पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि कई परीक्षार्थी अनुपस्थित भी रहे।
परीक्षा के प्रथम दिन की पहली पाली में कुल 9,876 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,839 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 2,641 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रवेश दिया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो-दो पालियों में संपन्न कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिनों में कुल छह पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 56,880 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रखी गई है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं अभ्यर्थियों से भी परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
.jpeg)