आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मड़ियाहूं विकास खंड क्षेत्र की एक महिला ने परिवार रजिस्टर शुद्धिकरण संबंधी प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। महिला का कहना है कि आवेदन दिए जाने के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी न तो मामले की जांच कर रहे हैं और न ही कोई निर्णय ले रहे हैं।
मड़ियाहूं ब्लॉक के कुरनी गांव निवासी शीला सिंह, पुत्री स्वर्गीय नरेंद्र प्रताप सिंह, ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने 30 अप्रैल 2026 को परिवार रजिस्टर में आवश्यक संशोधन एवं शुद्धिकरण कराने के लिए विकास खंड अधिकारी को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आवेदन भेजा था। आवेदन प्राप्त होने के बावजूद अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
महिला का आरोप है कि वह कई बार ग्राम पंचायत सचिव और विकास खंड अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, अधिकारियों द्वारा उनका फोन भी रिसीव नहीं किया जाता, जिससे समस्या के समाधान की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
शीला सिंह का कहना है कि परिवार रजिस्टर में त्रुटि होने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी कार्यों और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
प्रार्थिनी ने स्वयं को आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय बताते हुए जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, परिवार रजिस्टर शुद्धिकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
महिला ने अपने आवेदन के समर्थन में 30 अप्रैल 2026 को भेजे गए प्रार्थना पत्र की प्रति भी संलग्न की है। फिलहाल मामले में विकास खंड प्रशासन अथवा संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
