आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धिकपुर पयागपुर गांव निवासी 32 वर्षीय राकेश कुमार गौतम पुत्र राममूरत गौतम रविवार को किसी निजी कार्य से शाहगंज गए थे। शाम करीब 5:30 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कारगिल पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, सामने से तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। काफी प्रयास के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
राकेश की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पांच वर्षीय मासूम बेटी और गर्भवती पत्नी को छोड़ गए हैं। परिवार का भरण-पोषण करने वाले सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने वाहन का नंबर यूपी 62 बीसी 9998 नोट कर लिया, जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।
सूचना पर पहुंची सरायख्वाजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
.jpeg)